झांसी:  बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग  और बुंदेलखंड साहित्य शोध समिति और डॉ. मैथिलीशरण गुप्त शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान मे 03 अगस्त, 2021 मैथिलीशरण गुप्त और राष्ट्रीय चेतना विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इसका आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में किया जाएगा। इस समारोह में हिंदी की वरिष्ठ कथाकार मैत्रेयी पुष्पा को 2021 का राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। मैत्रेयी पुष्पा के जीवन का बड़ा हिस्सा बुंदेलखंड में बीता है। इससे पहले यह सम्मान 2017 में केंद्रीय हिंदी संस्थान के पूर्व निदेशक और राजस्थान विश्विद्यालय में प्रोफेसर नंदकिशोर पाण्डेय को, 2018 में  डॉ. कन्हैया सिंह को, 2019 में प्रो. जयप्रकाश को और 2020 में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के पूर्व कुलपति प्रो. सुरेन्द्र दुबे को दिया जा चुका है।
इस समारोह की अध्यक्षता बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो जेवी वैशंपायन करेंगे और मंडलायुक्त डॉ अजय शंकर पाण्डेय मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह अनिल श्रीवास्तव तथा प्रख्यात साहित्यकार महेन्द्र भीष्म विशिष्ट अतिथि होंगे। कोविड प्रोटोकॉल को देखते हुए कार्यक्रम ऑनलाइन भी किया जाएगा जिससे अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें। इस समारोह और पुरस्कार की जानकारी हिंदी विभाग के अध्यक्ष पुनीत बिसारिया ने साझा की है।