ऩई दिल्ली- वर्ष 2020 के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। हिंदी के लिए मशहूर कवयित्री अनामिका को उनके कविता संग्रह टोकरी में दिगंत, थेरी गाथा के लिए दिया जाएगा। साहित्य अकादमी के सचिव डॉ के श्रीनिवास राव की ओर से दी गई जानकारी में अनामिका के नाम का चयन जिस जूरी ने किया उसमें डॉ रामवचन राय, चित्रा मुद्गल और के एल वर्मा शामिल थे। इन तीन सदस्यों ने सर्मसम्मति से अनामिका के नाम पर मुहर लगाई। अनामिका हिंदी भाषा की पहली कवयित्री हैं जिनको साहित्य अकादमी ने कविता के लिए पुरस्कृत करने का फैसला किया है। अनामिका का ये संग्रह राजमकमल प्रकाशन से प्रकाशित है।

साहित्य अकादमी ने शुक्रवार को अपने वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की। ये पुरस्कार बीस भाषाओं के लिए दिए गए। अलग अलग भाषाओं में सात कविता संग्रह, चार उपन्यास, पांच कहानी संग्रह और दो नाटक को पुरस्कार के लिए चुना गया। कन्नड भाषा के लिए कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री वीरप्पा मोइली को पुरस्कृत करने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही साहित्य अकादमी बाल पुरस्कारों और युवा साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा भी की गई। हिंदी भाषा के लिए बाल पुरस्कार के लिए बालस्वरूप राही को उनके कविता संग्रह पर दिया जाएगा। हिंदी के लिए युवा पुरस्कार अंकित नरवाल को यू आर अनंतमूर्ति पर लिखी उनकी आलोचनात्मक पुस्तक को प्रदान किया गया।