नई दिल्ली: साहित्य अकादमी ने गुजराती भाषा में साहित्य अकादमी पुरस्कार की घोषणा कर दी है. वर्ष 2021 का साहित्य अकादमी पुरस्कार यज्ञेश दवे को उनके कविता संग्रह 'गंध मंजूषा' के लिए  दिया जाएगा. अकादमी की विज्ञप्ति के अनुसार 'गंध मंजूषा' का चयन त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया. इस में डॉ महेश चम्पकलाल, चंद्रकांत टोपीवाला एवं शरीफा बिजलीवाला शामिल थीं. निर्णायक मंडल ने पुरस्कार चयन के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सर्वसम्मति से किया है.
साहित्य अकादमी पुरस्कार के रूप में विजेता को एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपए की राशि दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह साहित्योत्सव 2022 में दी जाएगी. 2022 का आयोजन 11 मार्च, 2022 को प्रस्तावित है. याद रहे कि 30 दिसंबर, 2021 को साहित्य अकादमी द्वारा घोषित मुख्य पुरस्कार 2021 के दौरान गुजराती, मैथिली, मणिपुरी और उर्दू भाषाओं के पुरस्कार घोषित नहीं किए गए थे.