मुंबई में मंटो, अभिनेता श्याम और गीतकार राजा मेंहदी अली खान की तिकड़ी मशहूर थी, बॉलीवुड में भी इनकी दोस्ती के चर्चे होते थे। ये तीनों ज्यादातर वक्त साथ ही रहते थे। एक दिन शाम को ये तीनों काम खत्म करके बाहर निकले तो मंटो ने राजा से कहा कि खालिद साहब ने उन तीनों को रात के खाने पर बुलाया है। एक दिन पहले राजा को श्याम और मंटो ने बहुत परेशान किया था और वो जले भुने बैठे थे। जब मंटो ने रात की दावत की बात कही तो राजा मेंहदी अली खान ने भड़कते हुए कहा कि वो खालिद साहब को नहीं जानते हैं, उनके घर खाने पर नहीं जाएंगे। लेकिन फिर भी मंटो और श्याम नहीं माने और राजा को जबरदस्ती पकड़कर दावत पर ले गए। जब ये लोग बंगले में दाखिल हुए और ड्राइंग रूम तक पहुंचे तो वहां एक मौलवी बैठे हुए थे। कुछ और लोग भी कमरे में थे। मंटो और श्याम राजा को छोड़कर खालिद साहब को लेने घर के अंदर चले गए। 

थोड़ी देर में मंटो और श्याम एक लाल जोड़े में लिपटी लड़की को लेकर ड्राइंग रूम में आए। उस लड़की को मंटो ने मौलवी के बगल में बिठा दिया। अचानक श्याम ने राजा की अंगुली में अंगूठी पहना दी और कहा कि बांबे की सबसे खूबसूरत लड़की तुमसे शादी करना चाहती है। चुपचाप मत बैठे हो, उठो जश्न मनाओ। मंटो ने मौलवी को निकाह शुरू करने का हुक्म दिया। राजा सन्न। समझ ही नहीं पा रहे थे कि हो क्या रहा है। तब तक वहां बैठे तीन लोगों ने चाकू बाहर निकालकर राजा की ओर तान दिया। लड़की ने भी अदा से राजा को देखा लेकिन राजा का हलक सूखा जा रहा था। उसने दरवाजे से बाहर देखा, उसे वहां एक टैक्सी खड़ी दिखाई दी। राजा अचानक उठे और गोली की रफ्तार से घर से बाहर। आगे आगे राजा, पीछे पीछे श्याम, लेकिन राजा पकड़ में नहीं आए। टैक्सी में बैठे. ड्राइवर की पॉकेट में बीस रुपए ठूंसे और कहा कि जितनी तेज टैक्सी चला सकते हो चलाओ। राजा अपने घर पहुंचे और सामान बांधकर रेलवे स्टेशन। डर से उनकी हालत खराब। वो हैदराबाद लौट जाना चाहते थे। स्टोशन पहुंचे तो पता चला कि ट्रेन के आने में देरी है। जाकर वेटिंग रूम में बैठ गए। करीब साढे तीन घंटे बाद मंटो, श्याम और वो लड़की वेटिंग रूम में धड़धड़ाते हुए घुसे। राजा की हालत खराब फिर खराब। 

अचानक उस लड़की ने राजा को आलिंगनबद्ध किया और जोर जोर से रोने लगी। राजा भी साथ रोने लगे। राजा के बालों में हाथ फिराते हुए बोली कि अगर आज आप हैदराबाद चले जाते तो मैं जहर खा लेती। ये मंटो और श्याम की शैतानी थी उन्होंने ही आपको तंग करने के लिए ये सहब किया। राजा की जान में जान आई। मंटो और श्याम वेटिंग रूम में हंस हंसकर लोट पोट हो रहे थे। 

( ये उन दिनों की बात है)