नई दिल्लीः साहित्य अकादमी ने मणिपुरी भाषा में साहित्य अकादमी पुरस्कार 2021 की घोषणा कर दी है. यह पुरस्कार मणिपुरी के जाने माने लेखक डॉ थोकचोम इबोहनवी सिंह को उनकी पुस्तक 'मणिपुरीदा पुंशी वारिगी साहित्य' को दिए जाने की घोषणा की गई है. यह पुस्तक मणिपुरी जीवनी साहित्य पर लिखी गई एक आलोचना पुस्तक है. यह जानकारी देते हुए साहित्य अकादमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने बताया कि पुस्तक का चयन साहित्य अकादमी की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मणिपुरी भाषा के त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा सर्वसम्मति से किया गया है.
मणिपुरी भाषा में साहित्य अकादमी पुरस्कार की चयन समिति में निर्णायक मंडल के सदस्य थे प्रोफेसर अरम्बम बिरेन सिंह, एल जॉयचंद्र सिंह एवं युमलेम्बम इबोमचा. साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता लेखक को पुरस्कार के रूप में एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपए की राशि दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह 'साहित्योत्सव' में 11 मार्च 2022 को दी जाएगी. याद रहे कि 30 दिसंबर, 2021 को साहित्य अकादमी 2021 के मुख्य पुरस्कारों की घोषणा के दौरान गुजराती, मैथिली, मणिपुरी और उर्दू भाषाओं के पुरस्कार घोषित नहीं किए जा सके थे, जिनकी घोषणा अब की जा रही है.