दुमका: साहित्यिक संस्था 'कविकुंभ' की दुमका झारखंड इकाई एवं सर्वोदय लोक शिक्षण केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय आत्मा सभागार में एक साहित्यिक परिचर्चा सह काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था और इसी नाम से प्रकाशित पत्रिका की संपादक एवं बीईंग वूमेन दिल्ली की राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीता सिंह उपस्थित थी. कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्राध्यापिका एवं बंगला पत्रिका श्यामोलिमा की संपादक डॉ छाया गुहा ने की. इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ सी एन मिश्रा, डॉ अंजुला मुर्मू एवं प्रोफेसर मेरी मारग्रेट टुडू उपस्थित थीं. अशोक सिंह के संयोजन में आयोजित यह कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ, जिसके प्रथम सत्र में रंजीता सिंह का स्वागत किया गया. इस अवसर पर सर्वोदय लोक शिक्षण केन्द्र दुमका की ओर से उन्हें सर्वोदय साहित्य सम्मान से भी नवाजा गया.‌ कार्यक्रम में उनकी पुस्तक 'प्रेम में पड़े रहना' का भी लोकार्पण किया गया.
कार्यक्रम में अतिथि को दुमका से प्रकाशित कई पुस्तकें भी भेंट की गई. इस अवसर पर कविकुंभ की ओर से डॉ अंजुला मुर्मू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, तो डॉ छाया गुहा को अंग वस्त्र से अभिनंदन किया गया. इस अवसर पर नंदन कश्यप के संयोजन में गीत संगीत की प्रस्तुति की गई, जिसमें भ्रमर चौधरी, सुकन्या चौधरी, अंशु प्रिया, प्रतीक मिश्रा और आशुतोष नाग ने गीत गजल की प्रस्तुति दी. दूसरे सत्र में विश्वजीत राहा के संचालन में काव्य पाठ आयोजित किया गया. इसमें कमलाकांत सिन्हा, अरुण सिन्हा, विद्यापति झा, अंजनी शरण, मनोज घोष, राजीव नयन तिवारी, डॉ हनिफ, अंजुला मुर्मू, शिशिर घोष, डॉ सिकंदर कुमार, तेज नारायण राय, छाया गुहा, सरस बॉय, सुदीप कर्मकार ने काव्य पाठ किया. कार्यक्रम के अंत में रंजीता सिंह ने अपनी प्रतिनिधि कविताओं का पाठ किया और एक समाजसेवी के रूप में अपना अनुभव साझा किया.