नई दिल्ली: हिंदी-मैथिली की प्रख्यात लेखिका और पद्मश्री से सम्मानित उषाकिरण खान की प्रथम पुण्यतिथि पर साहित्य अकादेमी सभागार में ‘उषाकिरण खान रचनावली विमोचन सह परिचर्चा’ समारोह आयोजित हुआ. स्मृति सभा की शुरुआत इंदौर एवं बनारस घराने से दीक्षित प्रिया कानूनगो के कबीर गायन से हुई. इसके बाद ‘उषाकिरण खान के मायने’ विषय पर चर्चा हुई, जिसमें कथाकार नासिरा शर्मा, ममता कालिया एवं वंदना राग ने उषाकिरण खान के कथाकार रूप को याद किया. सत्र का संचालन युवा कवयित्री रश्मि भारद्वाज ने किया. अपनी समानधर्मा कथाकार की विशेषताओं को रेखांकित करते हुए ममता कालिया ने कहा कि उषा अपने लेखन में शुचिता और आदर्श को स्त्रियों के लिए जेलखाना नहीं बनातीं. पटना की संस्था किलकारी एवं उषा के गुइयांपन को याद करते हुए कथाकार नासिरा ने भावपूर्ण ढंग से कहा कि ‘तुम्हारी लाली डूब गई, लेकिन बिखर गई धूप तुम्हारी किताबों में’. कथाकार वंदना राग ने उषाकिरण खान के ऐतिहासिक गल्पों में रुचियों की तरफ इशारा किया. पाखी के पूर्व सह-संपादक एवं युवा आलोचक पंकज शर्मा ने उषाकिरण खान की कहानियों के पात्र को साधारण में आसाधारण का भाव कहा.

उषाकिरण खान की स्त्री केंद्रित कहानियों पर ध्यान आकर्षित करते हुए उमाशंकर चौधरी ने ‘नींबू का स्वाद’ एवं ‘आकांक्षाओं के द्वीप’ शीर्षक कहानी पर चर्चा की एवं इस बात की तरफ इशारा किया कि उनकी कहानियों में स्त्रियां तो हैं लेकिन पारंपरिक विमर्श की तरह नहीं. साहित्य अकादेमी सम्मानित लेखिका अनामिका ने उषाकिरण खान के लेखन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उषाकिरण खान के पास वह दृष्टि थी जो सबकी ओर से, सबकी तरफ से सोच कर तमाम ऐसे पात्र खड़े किये जो हमारी आत्मा के स्थायी नागरिक हो सकते हैं. अनामिका ने डा कुमार वरुण के संपादन को सराहते हुए कहा कि उषाकिरण खान के विपुल साहित्य को एक साथ प्रस्तुत करना अच्छी बात है. उन्होंनेकहा कि बाढ़ के पानी को वरुण ही बांध सकते थे. अपने संपादकीय वक्तव्य में डा कुमार वरुण ने उषाकिरण खान के रचना संसार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उषाकिरण खान का रचना संसार यथार्थ की कड़ी धूप से निसृत है. कुमार विमलेंदु ने उषाकिरण खान की कहानी ‘जीव-दया’ का वाचन किया. अंतिम सत्र में उषाकिरण खान की पुत्री कनुप्रिया शंकर पंडित ने अपनी मां की कहानी ‘एक है जानकी’ का एकल मंचन प्रस्तुत किया. धन्यवाद ज्ञापन अमन प्रकाशन के प्रबंध निदेशक अरविंद वाजपेयी ने किया.