प्रयागराज: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इलाहाबाद संग्रहालय में लघु चित्रों पर आधारित प्रदर्शनी ‘भागवत’ का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि महाकुम्भ के पवित्र और दिव्य अवसर को और अधिक भव्य और अनुपम बनाने के प्रयास सभी कर रहे हैं. इस प्रदर्शनी के माध्यम से महाकुम्भ के आध्यात्मिक मान्यता से जुड़े प्रसंग, श्रीराम से जुड़े प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है. प्रयागराज के इस ऐतिहासिक संग्रहालय द्वारा संकलित ‘भागवत’ प्रदर्शनी इस अनूठे अवसर की सुशोभित करने का सार्थक प्रयास है. सबके साथ और सभी के प्रयास से ही यह अनुपम कुम्भ दिव्य और भव्य बन रहा है. शेखावत इलाहाबाद संग्रहालय परिसर स्थित अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद ‘भागवत’ प्रदर्शनी पहुंचे थे. इस दौरान सुंदर संयोजन के लिए उन्होंने संग्रहालय परिवार को बधाई दी. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह लघु चित्र लोक, परलोक, समाज, कला व संस्कृति का एक साथ प्रतिनिधित्व करते हैं. यह प्रदर्शनी संग्रहालय के समृद्ध संग्रह के साथ कुम्भ परंपरा और भगवान राम कृष्ण के चरित्र को एकात्म करती है.
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि इस ऐतिहासिक संग्रहालय द्वारा संकलित ‘भागवत’ प्रदर्शनी के माध्यम से अपने देश के अंदर मौजूद कला की गहराई को समझने का मौका मिलेगा. केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने कहा कि कुम्भ भारत के विराट रूप का दर्शन कराता है. कुम्भ में सभी धार्मिक मान्यता, पूजा, आस्था और सांस्कृतिक विचारों के लोग एक जगह आते हैं. जो लोग आजादी पूर्व विभिन्न शासन कालों में देश के अलग अलग भागों में बंटे होने की बात करते हैं, उनके लिए कुम्भ भारत के एक होने का शाश्वत प्रमाण है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महाकुम्भ के दौरान कलाग्राम में ‘शाश्वत महाकुम्भ’ के नाम से लगी प्रदर्शनी बताती है कि किस तरह से कुम्भ ने देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया है. केंद्रीय मंत्री ने प्रदर्शनी के कैटलाग का भी विमोचन किया. उन्होंने आजाद वीथिका, प्रस्तर मूर्ति कला वीथिका और मृण्मूर्ति वीथिका का भी अवलोकन किया. निदेशक संग्रहालय राजेश प्रसाद ने संग्रहालय के समृद्ध इतिहास और संग्रहों के महत्ता की जानकारी दी. शेखावत ने संग्रहालय त्रैमासिक पत्रिका ‘विविधा’ और संग्रहालय में प्रवेश हेतु विशेष महाकुम्भ टिकट का भी विमोचन किया. इस अवसर पर संग्रहालय के अधिकारियों सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.