बीते दिनों घोषित साहित्य अकादमी सम्मानों में बाल-साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ साहित्यकार दिविक रमेश को भी यह सम्मान प्रदान करने की घोषणा हुई. इस अवसर पर इस सम्मान सहित बाल-साहित्य के विविध पहलुओं पर उनसे पीयूष द्विवेदी ने उनसे बातचीत की. 

प्रश्न : सबसे पहले तो अकादमी सम्मान के लिए आपको बहुतबहुत बधाई। क्या आपको नहीं लगता कि ये सम्मान आपको थोड़ा पहले ही मिल जाना चाहिए था ?

दिविक रमेश : बहुत धन्यवाद। आपकी भावना के प्रति अभार व्यक्त करता हूं। सोशल मीडिया पर भी और व्यक्तिगत रूप से भी, कई सौ की संख्या में बधाई देने वालों में एक बड़ी संख्या ऐसे प्रशंसकों, जिनमें बड़े और मान्य साहित्यकार भी हैं, की है जिन्होंने टिप्पणी स्वरूप यही लिखा है कि मुझे यह पुरस्कार बहुत पहले मिल जाना चाहिए था। त्रिलोचन जी को साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था तब भी यह सवाल उठा था। और सवाल जायज भी था।  आयु, प्रतिभा और काम में कमतर कुछ रचनाकारों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुका था। कारण कुछ  भी रहे हों। भले ही संस्था प्रतिष्ठित हो, पुरस्कार प्रतिष्ठित हो, बावजूद कुछ विवादों के, देखने की सबसे बड़ी बात यह होती  है कि पुरस्कार प्राप्तकर्ता के पुरस्कृत होने को साहित्यक्षेत्र के महानुभावों सहित कितनी बड़ी संख्या में लोगों की स्वीकृति मिली है। यह सुख मुझे इस बार भी मिला है, और कहीं ज्यादा।   

प्रश्न : बालसाहित्य बालसाहित्यकारों के प्रति हिंदी के साहित्यजगत में बहुधा एक प्रकार की अगम्भीरता दिखाई देती है। ऐसा क्यों है ?

दिविक रमेश : यह ठीक है कि बालसाहित्य और बाल-साहित्यकारों को हिंदी साहित्य के इतिहास, माननीय आलोचकों और साहित्यिक संस्थाओं ने न केवल  महत्त्व कम दिया बल्कि उपेक्षा तक की है। ठीक वैसे ही जैसे बालक की भी उपेक्षा होती रही है। लेकिन इधर स्थिति में लगातार सुधार रहा है। हां, बहुत कुछ और अपेक्षित है। बालसाहित्य (रचनात्मक) लेखन रचनाप्रक्रिया, गम्भीरता, जिम्मेदारी, महत्त्व  आदि की दृष्टि से बड़ों के साहित्य से कमतर नहीं है। लेकिन विडम्बना देखिए संस्थाएं बालसाहित्य के पुरस्कार की राशि अपेक्षाकृत कम रखती हैं। ज्ञानपीठ, बिड़ला फाउंडेशन या नोबेल पुरस्कार देने वाली संस्था को बाल-साहित्य पर पुरस्कार क्यों  नहीं देना चाहिए ?    

प्रश्न : आज बच्चे कोर्स के अलावा अन्य पुस्तकों को लगभग नहीं पढ़ते हैं। आपकी नजर में इस का क्या कारण है और उन्हें कैसे वापस लाया जा सकता है ?

दिविक रमेश : यह सचमुच गम्भीर मसला है और चिंता की बात है पुस्तक की ओर बच्चे को लौटाने की अधिक से अधिक कोशिश घर से विद्यालय आदि स्थानों तक बराबर होनी चाहिए। लेखन तो जिम्मेदारी से होना ही चाहिए, उसकी पुस्तक आदि के रूप में प्रस्तुति भी आकर्षक होनी चाहिए। मोबाइल आदि के रूप में मैं टेक्नोलोजी के उपयोग का विरोधी नहीं हूं, लेकिन उस पर निर्भर हो जाने की अति की सोच से मुझे डर लगता है। मातापिता को बच्चों के लिए पुस्तकें और बालपत्रिकाएं खरीदने और उनका महत्त्व बताने का बजट और समय निकालना होगा।

प्रश्न : बालसाहित्य कैसा होना चाहिए और इसके समकालीन सरोकार क्या होने चाहिए ?

दिविक रमेश : बालसाहित्य बच्चों के दोस्त की तरह होना चाहिए। अर्थात उनका होना चाहिए, उनके लिए नहीं होना चाहिए। अर्थात बच्चे को उपदेश देकर शिक्षित करने के लिए नहीं बल्कि दोस्त बन कर मनोरंजन और समझ साझा करने के लिए होना चाहिए। ऐसे साहित्य के बीज बच्चों के बीच अधिकअधिक से रहकर ही मिला करते हैं।

प्रश्न : आखिरी सवाल जरा विषय से हटकर है कि बालसाहित्य, दलितसाहित्य, प्रवासीसाहित्य, स्त्रीसाहित्य जैसे साहित्यिक विभाजनों को आप कितना सही मानते हैं ? क्या ये विभाजन साहित्य को कमजोर नहीं करते हैं ?

दिविक रमेश : साहित्य, साहित्य होता है। ये विभाजन अध्ययन की सुविधा के लिए हो सकते हैं, शोध के लिए भी हो सकते हैं। लेकिन विडम्बना यह है कि ऐसे विभाजन प्राय: जल्दी से जल्दी यश, चर्चा, पुरस्कार आदि बटोरने की वस्तु अधिक होते जा रहे हैं। ये विभाजन, विभाजन के नाम पर किसी किस्म की रियायत लेने के लिए नहीं होने चाहिए।