जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) के दूसरे दिन दैनिक जागरण हिंदी बेस्टसेलर की नई सूची का अनावरण किया गया। जागरण बेस्टसेलर की सूची को जेएलएफ की डायरेक्टर और मशहूर लेखिका नमिता गोखले और इसको आयोजित करनेवाली संस्था टीमवर्क्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजोय के रॉय और दैनिक जागरण के एक्जीक्यूटिव एडिटर विष्णु त्रिपाठी ने किया। जयपुर के दिग्गी पैलेस में जारी फेस्टिवल में बेस्टसेलर की सूची जारी करने के बाद उसपर हुई चर्चा की शुरुआत विष्णु त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि जागरण बेस्टसेलर सूची के प्रकाशन के बाद हिंदी प्रकाशन जगत में पारदर्शिता बढ़ी है। उन्होंने इस सूची की उपयोगिता को भी रेखांकित किया और कहा कि इस सूची ने इस धारणा को भी निगेट किया कि हिंदी में पाठकीयता कम हो रही है और युवा पढ़ना नहीं चाहते हैं। विष्णु त्रिपाठी के मुताबिक जागरण हिंदी बेस्टसेलर के प्रकाशन के बाद हिंदी लेखन जगत में नए सितारे उभर कर आए, जिनपर पाठक लगातार भरोसा भी कर रहे हैं। विष्णु त्रिपाठी की बात को आगे बढ़ाते हुए नमिता गोखले ने इस बात को रेखांकित किया कि जागरण हिंदी बेस्टसेलर की सूची का प्रकाशन हिंदी प्रकाशन जगत के लिए एक उल्लेखनीय घटना है। इस सूची के आने के बाद से प्रकाशन जगत में भ्रम की स्थिति कम होने लगी है। नमिता गोखले ने कहा कि रविवार को उनकी किताब राग पहाड़ी का विमोचन होनेवाला है और उनकी इच्छा है कि वो भी जागरण बेस्टसेलर की सूची में शामिल हो। संजोय के राय ने हिंदी बेस्टसेलर पर अपनी बात कहने के पहले दैनिक जागरण की इस बात के लिए सराहना की जब अखबारों से साहित्य कला और संस्कृति के लिए जगह कम हो रही है तो ऐसे में दैनिक जागरण ने बड़ी पहल की है और अपने समाचारपत्र में साहित्य कला और संस्कृति को प्रमुखता दी। संजोय ने जोर देकर कहा कि जागरण हिंदी बेस्टसेलर की सूची से प्रकाशकों को तो प्रोत्साहन मिलता ही है, भाषा को भी विस्तार मिलता है। जागरण बेस्टसेलर की सूची पर हुए सत्र में हिंदी के सभी प्रमुख प्रकाशक, कई बेस्टसेलर लेखक और अनुवादक भी मौजूद थे। जागरण बेस्टसेलर दैनिक जागरण की अपनी भाषा के लिए जारी मुहिम हिंदी हैं हम का एक अहम हिस्सा है।